समस्तीपुर: खुद को कार डीलर बताकर साइबर ठगों ने बैंक मैनेजर से ठगे 14.94 लाख रुपये

बिहार के समस्तीपुर में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। यहां साइबर अपराधियों ने खुद को कार डीलर बताकर बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक अनिल सिन्हा से 14.94 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। मामले में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हरपुर एलौथ स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के प्रबंधक को ठगों ने फोन कर खुद को वास्तविक ग्राहक बताया। इसके बाद व्हाट्सऐप पर दो ट्रांजेक्शन वाउचर भेजे गए। वाउचर पर हस्ताक्षर का मिलान करने के बाद प्रबंधक ने बताए गए खातों में रकम ट्रांसफर कर दी।
ठगों ने एक वाउचर के जरिए 4.95 लाख रुपये बैंक ऑफ बड़ौदा और दूसरे के माध्यम से 9.99 लाख रुपये फेडरल बैंक के खाते में भेजने को कहा। बाद में वास्तविक ग्राहक के फोन करने पर धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। तब तक रकम ठगों के खातों में पहुंच चुकी थी।
साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस ठगी में इस्तेमाल किए गए खातों और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।



