
उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने सरकारी मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत डॉक्टरों के मानदेय में बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। रविवार को बनबसा में हुई कैबिनेट बैठक में सीनियर रेजिडेंट, जूनियर रेजिडेंट और डेमोंस्ट्रेटर के वेतन-मानदेय का पुनर्निर्धारण किया गया।
कैबिनेट के फैसले के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों को अब 1.10 लाख रुपये प्रतिमाह मिलेंगे, जबकि मैदानी क्षेत्रों में उनका मानदेय बढ़ाकर 1.05 लाख रुपये किया गया है। इससे पहाड़ में तैनात सीनियर रेजिडेंट के मानदेय में करीब 20 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी होगी।
इसी तरह पर्वतीय क्षेत्रों में जूनियर रेजिडेंट और डेमोंस्ट्रेटर का मानदेय 76 हजार से बढ़ाकर 85 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। मैदानी क्षेत्रों में इनका मानदेय 71 हजार से बढ़ाकर 80 हजार रुपये किया गया है।
सरकार का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाना और चिकित्सकों को पहाड़ों में सेवा देने के लिए प्रोत्साहित करना है। मानदेय बढ़ने से सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है।



