देहरादून में अवैध रूप से शराब परोसने पर बड़ी कार्रवाई, होटल संचालक गिरफ्तार; 79 लोगों पर भी पुलिस का शिकंजा

देहरादून। राजधानी देहरादून में अपराध और अव्यवस्था पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पटेलनगर थाना पुलिस ने अवैध रूप से शराब परोसने के आरोप में एक होटल संचालक को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और पिलाने वाले 79 लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक होटल में बिना वैध लाइसेंस और परमिट के ग्राहकों को शराब परोसी जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने होटल में छापेमारी की, जहां खुलेआम शराब परोसने के प्रमाण मिले। मौके से शराब की खुली बोतलें और डिस्पोजेबल गिलास भी बरामद किए गए। इसके बाद होटल संचालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और वाहनों में शराब का सेवन कर रहे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की। कुल 79 लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस अधिनियम के तहत चालान किया गया। पूछताछ के बाद उन्हें भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।



