बदरीनाथ हाईवे: क्षेत्रपाल में भूस्खलन से राहत, चारधाम यात्रियों को इस बार नहीं खाने पड़ेंगे हिचकोले

चारधाम यात्रा 2026 से पहले बदरीनाथ हाईवे पर यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से भूस्खलन की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रपाल लैंडस्लाइड जोन में अब सुधार कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जिससे इस बार तीर्थयात्रियों को सफर के दौरान न तो हाईवे बंद होने की परेशानी होगी और न ही हिचकोले खाते हुए यात्रा करनी पड़ेगी।
एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास निगम) ने क्षेत्रपाल के करीब 400 मीटर हिस्से में व्यापक ट्रीटमेंट और चौड़ीकरण कार्य पूरा कर लिया है। अलकनंदा की ओर जमा मलबे को हटाया गया है, जबकि भूस्खलन वाली चट्टानों को लोहे की मजबूत जाली से सुरक्षित किया गया है। अंतिम चरण में यहां डामरीकरण का काम किया जाएगा।
प्रशासन के मुताबिक, पिछले पांच वर्षों से क्षेत्रपाल का यह हिस्सा चारधाम यात्रियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ था। वर्ष 2022 में यहां हुए भारी भूस्खलन के कारण बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब यात्रा तीन दिन तक बाधित रही थी। इसी के बाद केंद्र सरकार की मंजूरी से इस संवेदनशील जोन के स्थायी समाधान पर काम शुरू किया गया।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि ढलानों को मजबूत करने के लिए रासायनिक स्टेबलाइजर्स का छिड़काव, चट्टानी हिस्सों की सुरक्षा और सड़क चौड़ीकरण जैसे उपाय किए गए हैं। इससे आगामी यात्रा सीजन में बदरीनाथ हाईवे पर सफर पहले के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित, सुगम और बाधारहित रहेगा।



