चमोली/हरिद्वार: चारधाम यात्रा के लिए रोडवेज के टैंपो ट्रैवलर भी तैयार, हरिद्वार से बस सेवा शुरू करने की तैयारी

चारधाम यात्रा 2026 को लेकर उत्तराखंड परिवहन निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार पहली बार रोडवेज के टैंपो ट्रैवलर भी चारधाम रूट पर चलाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और लचीला सफर विकल्प मिलेगा। साथ ही हरिद्वार से भी सीधे चारधाम के लिए बसों के संचालन की तैयारी की जा रही है।
अभी तक रोडवेज की बस सेवाएं मुख्य रूप से ऋषिकेश से संचालित होती थीं, लेकिन इस बार श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए हरिद्वार से भी बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा निगम ने यात्रा अवधि के लिए 100 बसों का बेड़ा रिजर्व रखने का फैसला किया है, ताकि भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त ट्रिप तुरंत संचालित किए जा सकें।
रोडवेज यात्रियों को टैंपो ट्रैवलर की बुकिंग सुविधा भी देगा। शुरुआती चरण में छह टैंपो ट्रैवलर का बेड़ा हरिद्वार से उपलब्ध रहेगा, जो छोटे समूहों और परिवारों के लिए खास तौर पर उपयोगी साबित होगा। इससे चारधाम यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को बस और निजी टैक्सी के बीच एक बेहतर विकल्प मिलेगा।
यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए श्रीनगर और ऋषिकेश वर्कशॉप्स को भी अपग्रेड किया जाएगा, ताकि रास्ते में किसी तकनीकी खराबी की स्थिति में बसों की तुरंत मरम्मत हो सके। परिवहन निगम ने इसके लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त कर दिया है। यह कदम 19 अप्रैल से शुरू हो रही यात्रा में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए बेहद अहम माना जा रहा है।



