2022 के बाद AMAZON में सबसे बड़ी छंटनी, 30 हजार कर्मचारियों की नौकरी पर संकट!!

दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन एक बार फिर बड़े पैमाने पर छंटनी करने जा रही है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी 28 अक्टूबर, मंगलवार से करीब 30,000 कॉरपोरेट कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की तैयारी में है। यह 2022 के बाद की सबसे बड़ी छंटनी बताई जा रही है।
अमेजन ने यह कदम अपने खर्चों में कटौती और प्रॉफिट मार्जिन बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया है। कोविड-19 महामारी के दौरान कंपनी ने तेजी से लोगों की भर्ती की थी, क्योंकि उस समय ऑनलाइन शॉपिंग की मांग में रिकॉर्ड वृद्धि हुई थी। अब जब मांग सामान्य हो चुकी है, तो कंपनी अपने वर्कफोर्स को छोटा करने की दिशा में बढ़ रही है।
इस समय अमेजन में लगभग 3.5 लाख कर्मचारी काम कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 10% कर्मचारियों की नौकरियां अब खतरे में हैं। कंपनी का फोकस अपने बिजनेस मॉडल को और अधिक कुशल बनाने और बदलते आर्थिक माहौल के अनुसार खुद को ढालने पर है।
इससे पहले 2022 में भी अमेजन ने बड़ी छंटनी की थी, जब करीब 27,000 कर्मचारियों को नौकरी से हटाया गया था। वहीं, फॉर्च्यून की हालिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अमेजन अपने स्टाफ में 15% तक की कटौती करने पर विचार कर रही है।
हालांकि, अमेजन की ओर से अब तक इस छंटनी पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि महामारी के बाद कई बड़ी कंपनियां कम होती डिमांड और एआई ऑटोमेशन की वजह से कर्मचारियों की संख्या घटा रही हैं।
कंपनियों में अब कई काम मैनुअल से ऑटोमेशन पर शिफ्ट हो रहे हैं, जिससे कर्मचारियों की जरूरत पहले की तुलना में कम हो गई है।



