उत्तराखंड

हरिद्वार: कुंभ में हाथी और गुलदार की निगरानी के लिए बनेगा पेट्रोलिंग ट्रैक, 24 घंटे गश्त करेगी वन विभाग टीम

Listen to this News

हरिद्वार कुंभ मेले की तैयारियों के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। कुंभ मेला क्षेत्र में हाथी, गुलदार और अन्य जंगली जानवरों की घुसपैठ रोकने के लिए दो किलोमीटर लंबा पेट्रोलिंग ट्रैक बनाया जाएगा, जिस पर वन विभाग की टीम 24 घंटे गश्त करेगी। इस परियोजना के लिए कुंभ मेला निधि से 40.99 लाख रुपये का बजट मंजूर किया गया है।

https://media-cdn.tripadvisor.com/media/attractions-splice-spp-674x446/15/55/4c/ee.jpg
यह ट्रैक बैरागी कैंप क्षेत्र से गंगा किनारे नजीबाबाद पुल तक बनाया जाएगा। यही वह इलाका है जहां कुंभ में अखाड़ों, साधु-संतों और श्रद्धालुओं के कैंप लगने हैं। वन विभाग के अनुसार इस क्षेत्र में अक्सर हाथी, गुलदार, हिरण, सांभर और नीलगाय जैसे वन्यजीवों की आवाजाही रहती है, जिससे मेले के दौरान खतरा बढ़ जाता है।

अधिकारियों ने बताया कि ट्रैक बनने के बाद गश्ती टीमें लगातार निगरानी करेंगी। अगर कोई जंगली जानवर मेला क्षेत्र में प्रवेश करता है तो उसे तुरंत नियंत्रित करने के लिए ट्रैंकुलाइजर टीम भी तैनात रहेगी। खासकर हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है।

वन विभाग ने 2021 कुंभ का उदाहरण भी दिया, जब रात के समय एक हाथी आबादी क्षेत्र में घुस आया था और काफी मशक्कत के बाद उसे जंगल की ओर खदेड़ा गया था। इसी अनुभव को देखते हुए इस बार पहले से ही मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए स्थायी निगरानी व्यवस्था बनाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button