
देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कुल्हाल ग्राम पंचायत की गुर्जर बस्ती में एक विशाल 14 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। अजगर के निकलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोग इस दुर्लभ नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।
सूचना मिलते ही कालसी वन प्रभाग की तिमली रेंज की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वन विभाग के सर्प मित्र आदिल मिर्जा कर्मचारियों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित तरीके से कब्जे में लिया गया।
वन क्षेत्राधिकारी पंकज ध्यानी के अनुसार, अजगर की लंबाई 14 फीट और वजन करीब 55 किलो 300 ग्राम था। रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित रूप से आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।



