डाट काली मंदिर में पीएम मोदी ने लिया मां का आशीर्वाद, दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे लोकार्पण से पहले की विशेष पूजा

देहरादून दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के लोकार्पण से पहले सिद्धपीठ मां डाट काली मंदिर में पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की। पीएम ने करीब 10 मिनट तक मंदिर में पूजा की और मां का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर परिसर पूरी तरह आध्यात्मिक माहौल में डूबा नजर आया।
पूजन के दौरान मंदिर में मौजूद बच्चियों ने महिषासुरमर्दिनी स्तोत्रम् का पाठ किया, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने उनके साथ खड़े होकर श्रद्धा से सुना। यह दृश्य बेहद भावुक और सांस्कृतिक रूप से खास रहा, जिसने मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।
यह दौरा इसलिए भी खास रहा क्योंकि इसके तुरंत बाद प्रधानमंत्री ने ₹11,963 करोड़ की लागत से बने 210 किमी लंबे दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया, जो राजधानी दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय को करीब 2.5 घंटे तक सीमित कर देगा.
मां डाट काली मंदिर का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व भी बेहद खास है। शिवालिक की तलहटी में स्थित इस मंदिर का एक हिस्सा उत्तराखंड और दूसरा उत्तर प्रदेश में आता है। मान्यता है कि नए वाहन पर यहां चुनरी बंधवाने से माता रानी भक्त और वाहन दोनों की रक्षा करती हैं।



