देहरादून से पीएम मोदी का बड़ा संदेश: मां नंदा राजजात का जिक्र, नारी शक्ति वंदन बिल पर सभी दलों से मांगा समर्थन

देहरादून दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में मां नंदा राजजात का उल्लेख कर देवभूमि की आस्था को नमन किया और साथ ही नारी शक्ति वंदन बिल को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। पीएम ने कहा कि मां नंदा देवभूमि की आस्था का केंद्र हैं और यहां बेटियों को सम्मान के साथ विदा करने की परंपरा मातृशक्ति के सम्मान का प्रतीक है। इसी संदर्भ में उन्होंने महिलाओं की भागीदारी को लोकतंत्र की मजबूती से जोड़ते हुए सभी दलों से इस कानून के समर्थन की अपील की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद संसद से पारित यह कानून महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का अधिकार देता है और इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस अधिकार को लागू करने में और देरी महिलाओं के साथ न्याय नहीं होगा। पीएम मोदी ने यह भी बताया कि 16 अप्रैल से संसद में इस विषय पर विशेष चर्चा होगी, जिसमें सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहिए।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने देशभर की महिलाओं के नाम लिखे खुले पत्र का भी जिक्र किया और उन्हें इस अभियान से जुड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत करेगा तथा महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी को नई ऊंचाई देगा।



