गंगोत्री धाम में बम निरोधक दस्ते की सघन जांच, बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए अलर्ट

उत्तरकाशी/देहरादून: चारधाम यात्रा के दौरान गंगोत्री धाम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के मद्देनजर बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया।
सुरक्षा एजेंसियों ने मंदिर परिसर, प्रवेश द्वारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान आधुनिक उपकरणों की मदद से संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया।
प्रशासन के अनुसार, चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं।
श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे सुरक्षा जांच में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।



