
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों के आरोपों के बाद अब री-एग्जाम 21 जून 2026, रविवार को आयोजित किया जाएगा।
सरकार की मंजूरी के बाद NTA ने यह फैसला लिया है। इससे पहले 3 मई को आयोजित परीक्षा को रद्द कर दिया गया था, जिसके बाद देशभर में छात्रों और अभिभावकों के बीच भारी नाराजगी देखने को मिली थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार परीक्षा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक जांच और पेपर वितरण प्रणाली में बदलाव जैसे कई नए सुरक्षा उपाय लागू किए जा सकते हैं।
NTA ने छात्रों को सलाह दी है कि वे आधिकारिक वेबसाइट और नोटिफिकेशन पर नजर बनाए रखें। री-एग्जाम के लिए नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। कई रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन या अतिरिक्त फीस नहीं देनी होगी।
इस बीच, कथित पेपर लीक मामले की जांच CBI द्वारा जारी है और कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।



