CBSE ने छात्रों को दी राहत: 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी लेने की अंतिम तारीख बढ़ाई

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं के छात्रों को बड़ी राहत देते हुए उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब छात्र 24 मई 2026 तक स्कैन कॉपी के लिए आवेदन कर सकेंगे। यह फैसला वेबसाइट पर तकनीकी दिक्कतों और भारी ट्रैफिक की शिकायतों के बाद लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, कई छात्रों को पोर्टल पर लॉगिन, पेमेंट और आवेदन प्रक्रिया में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इसके बाद CBSE ने आवेदन की समयसीमा बढ़ाने का फैसला लिया ताकि कोई भी छात्र इस सुविधा से वंचित न रहे।
CBSE ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा उन छात्रों के लिए है जो अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी देखना चाहते हैं। इसके बाद छात्र आवश्यकता पड़ने पर पुनर्मूल्यांकन या अंक सत्यापन के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।
बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।



