उत्तराखंड में धड़ल्ले से चल रही ‘मौत की फैक्ट्री’, नकली दवाओं के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़

उत्तराखंड में नकली दवाओं के कारोबार को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने राज्य में चल रहे एक बड़े फर्जी दवा नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है, जहां गंभीर बीमारियों की नकली दवाएं तैयार कर बाजार में बेची जा रही थीं। इस खुलासे ने स्वास्थ्य व्यवस्था और दवा निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच में सामने आया है कि गिरोह ब्रांडेड दवा कंपनियों के नाम और पैकेजिंग का इस्तेमाल कर नकली जीवनरक्षक दवाएं तैयार कर रहा था। STF के अनुसार, कई फैक्ट्रियों में करोड़ों टैबलेट और कैप्सूल बनाए गए, जिन्हें उत्तराखंड समेत कई राज्यों में सप्लाई किया गया।
एसटीएफ ने अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दवा कंपनियों के मालिक और प्लांट संचालक भी शामिल हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि यह नेटवर्क उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान तक फैला हुआ है।
अधिकारियों का कहना है कि नकली दवाओं का यह कारोबार लोगों की जिंदगी के साथ बड़ा खिलवाड़ है। STF लगातार छापेमारी कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।



