देहरादून: सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करना पड़ा भारी, युवक हिरासत में; स्कॉर्पियो सीज

देहरादून में चलती स्कॉर्पियो के सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए वाहन चालक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में युवक चलती स्कॉर्पियो के सनरूफ से बाहर निकलकर हुड़दंग करता दिखाई दे रहा था। वीडियो में वाहन को तेज और लापरवाही से चलाते हुए भी देखा गया। इससे वाहन चालक के साथ-साथ सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की सुरक्षा को भी खतरा पैदा हो सकता था।
जांच में पता चला कि वीडियो क्लेमेनटाउन क्षेत्र के सुभाष रोड का है। पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन के नंबर के आधार पर चालक की पहचान की। इसके बाद 24 वर्षीय उत्कर्ष को हिरासत में लेकर थाने लाया गया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। स्टंट में इस्तेमाल स्कॉर्पियो-एन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर इस तरह स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।



