राजस्थान के फलोदी में एक ही परिवार के चार सदस्य मृत मिले, हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका

राजस्थान के फलोदी जिले के देचू क्षेत्र में एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि परिवार के मुखिया ने पहले अपनी पत्नी और दोनों बच्चों की गला दबाकर हत्या की और इसके बाद स्वयं फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान गेना राम (35), उनकी पत्नी पुष्पा (32), बेटी खुशबू (13) और बेटे किशन (10) के रूप में हुई है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर लिए गए हैं और मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



