गोंडा: देवीपाटन मंडल में बिजली व्यवस्था होगी मजबूत, 66.42 करोड़ रुपये की योजना मंजूर

गोंडा: देवीपाटन मंडल में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शासन ने बिजनेस प्लान 2026-27 के तहत 66.42 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। इस योजना का लाभ गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती जिलों के करीब 14.50 लाख बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा।
योजना के तहत बिजली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ लो वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती जैसी समस्याओं को कम करने पर जोर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, प्रस्तावित सभी कार्य इसी वर्ष पूरे किए जाने हैं।
15 बिजली उपकेंद्रों की बढ़ेगी क्षमता
बिजली आपूर्ति सुधारने के लिए मंडल के 15 उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा 33 केवी की नई बिजली लाइन का निर्माण किया जाएगा। 11 केवी की सात लाइनों का निर्माण और विभाजन भी कराया जाएगा।
243 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ेगी
योजना में 243 वितरण ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने का प्रावधान किया गया है। साथ ही 90 नए वितरण ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इससे बढ़ते बिजली लोड वाले क्षेत्रों में आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा 16 पुराने और जर्जर ब्रेकरों को बदलकर नए ब्रेकर लगाए जाएंगे। ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे।
पुराने तार और पोल भी बदले जाएंगे
बिजली नेटवर्क को सुरक्षित और मजबूत बनाने के लिए पुराने व जर्जर तारों और बिजली के पोल को बदलने का काम भी योजना में शामिल है। इससे विद्युत आपूर्ति में आने वाली तकनीकी दिक्कतों को कम करने और उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति देने में मदद मिलने की उम्मीद है।
मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ के मुताबिक, बिजनेस प्लान के तहत स्वीकृत सभी कार्य इसी वर्ष कराए जाने हैं। योजना पूरी होने के बाद देवीपाटन मंडल के चारों जिलों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।



