उत्तराखंड: हरिद्वार को छोड़ 7,466 ग्राम पंचायतों में उपप्रधान पद के लिए मतदान आज, शाम तक आएंगे नतीजे

देहरादून। उत्तराखंड में ग्राम पंचायतों के उपप्रधान पदों के चुनाव को लेकर बुधवार को मतदान कराया जा रहा है। हरिद्वार जिले को छोड़कर राज्य की 7,466 ग्राम पंचायतों में उपप्रधान के रिक्त पदों के लिए मतदान हो रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक होगा। इसके बाद शाम 4 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी और अधिकांश स्थानों पर परिणाम भी आज ही घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव के लिए सभी जिलों में मतदान कर्मियों की तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक सामग्री पहले ही उपलब्ध करा दी गई है।
चमोली जिले में 608 ग्राम पंचायतों में उपप्रधान का चुनाव कराया जा रहा है। जिला प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं और चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है। अधिकारियों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत सुबह नामांकन, जांच, नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान शुरू हुआ। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना होगी और विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी।



