उत्तराखंड

देहरादून: माजरा के नाले में मिला युवक का शव, बारिश के दौरान डूबने से मौत की आशंका

Listen to this News

देहरादून: देहरादून के माजरा क्षेत्र में शनिवार तड़के एक युवक का शव सड़क किनारे बने नाले से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि भारी बारिश के कारण नाले में बढ़े तेज बहाव में गिरने से युवक की मौत हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान अमित सेमवाल (21) पुत्र रामेश्वर प्रसाद, निवासी माजरा, पटेलनगर के रूप में हुई है। अमित सेंट जूड स्कूल की कैंटीन में कार्यरत था। शुक्रवार शाम करीब सात बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद वह पैदल घर के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

रात करीब 12:45 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि माजरा क्षेत्र में सड़क किनारे बने नाले में एक युवक फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद युवक को नाले से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि लगातार हो रही बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव काफी तेज था। इसी दौरान युवक का पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने से वह नाले में गिर गया और तेज बहाव में बह गया। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान जलभराव और उफनते नालों के आसपास जाने से बचें तथा सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button