टिहरी में भारी बारिश से भूस्खलन, मुयाल गांव के लोगों ने छोड़े घर; तीन परिवार सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट

टिहरी: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते टिहरी जिले के भिलंगना ब्लॉक स्थित मुयाल गांव के जंदोली तोक में भूस्खलन की घटना सामने आई है। पहाड़ी से मलबा और चट्टानें गिरने के कारण कई मकानों पर खतरा मंडराने लगा, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। स्थिति को देखते हुए लोगों ने अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया।
घटना की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन और तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर प्रभावित तीन परिवारों को गांव के पंचायत भवन के अतिरिक्त कमरों में अस्थायी रूप से शिफ्ट कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों को फिलहाल क्षतिग्रस्त और खतरे वाले मकानों में नहीं रहने की सलाह दी है।
भूस्खलन की चपेट में गांव का प्राथमिक विद्यालय भी आ गया है। इसके अलावा तीन मकानों और दो पेयजल लाइनों को नुकसान पहुंचा है। ग्राम प्रधान ने बताया कि जंदोली क्षेत्र लंबे समय से भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील है और यहां पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीण लंबे समय से स्थायी समाधान और सुरक्षित स्थान पर विस्थापन की मांग कर रहे हैं।
राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। दैवीय आपदा राहत प्रावधानों के तहत प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।



