आचार्य बालकृष्ण का जन्मदिन ‘जड़ी-बूटी दिवस’ के रूप में मनाया गया, रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन

हरिद्वार। आयुर्वेदाचार्य एवं पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण का जन्मदिन मंगलवार को ‘जड़ी-बूटी दिवस’ के रूप में मनाया गया। हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ में आयोजित कार्यक्रम में रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर योग गुरु स्वामी रामदेव, पतंजलि योगपीठ के योगाचार्य, वैज्ञानिक और हजारों साधकों ने आचार्य बालकृष्ण को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेद के महत्व पर आधारित 40 पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि योग और आयुर्वेद ने आज पूरी दुनिया में अपनी पहचान बनाई है और यह भारत की सनातन परंपरा का गौरव है। उन्होंने सभी से योग, आयुर्वेद और भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि उनका जन्मदिन पिछले लगभग तीन दशकों से ‘जड़ी-बूटी दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पतंजलि योगपीठ से प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से जुड़े लोगों द्वारा अब तक करोड़ों औषधीय पौधों का रोपण किया जा चुका है, जो पर्यावरण संरक्षण और आयुर्वेद के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्वयंसेवकों ने रक्तदान शिविर में भाग लिया। आयोजकों ने इसे समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।



