अंतरराष्ट्रीय

दुबई में गूंजे पहाड़ी सुर: एक रात के लिए पूरा क्लब कराया बुक, उत्तराखंड के गीतों पर झूमा दुबई

Listen to this News

दुबई की चमक-दमक के बीच जब उत्तराखंड के पहाड़ी गीतों के सुर गूंजे तो माहौल पूरी तरह पहाड़ की रंगत में रंग गया। दुबई के एक क्लब में एक रात के लिए पूरा क्लब बुक कराया गया, जहां पूरी रात सिर्फ पहाड़ी गीत बजाए गए और लोग उनकी धुनों पर जमकर झूमे। इस खास शाम का आयोजन उत्तराखंड के नई टिहरी निवासी प्रदीप पुंडीर ने किया।

प्रदीप पुंडीर वर्ष 2018 से दुबई में रह रहे हैं। हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री से जुड़े प्रदीप सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हैं और उत्तराखंड के संगीत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। वह हर साल दुबई में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करते हैं, जिनमें उत्तराखंड से जुड़े लोगों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाता है।

इस बार भी कार्यक्रम में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए प्रदीप ने एक दिन के लिए पूरा क्लब बुक कराया। कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के लोकप्रिय गीतों पर लोगों ने जमकर डांस किया और पहाड़ी संस्कृति का आनंद लिया। उत्तराखंड की अभिनेत्री नताशा की मौजूदगी ने भी कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी। गीता पिलखवाल और दिव्यांशु नेगी ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग किया।

पहाड़ी संगीत को दुनिया तक पहुंचाने की कोशिश

प्रदीप की यह पहल सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी मिट्टी, बोली, संगीत और संस्कृति को विदेश में भी जीवंत रखने की कोशिश है। उनका कहना है कि वह आने वाली पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और पहाड़ी संगीत को दुनिया के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे आयोजन करते हैं।

आर्मी स्कूल लैंसडाउन से पढ़ाई करने वाले प्रदीप को बचपन से ही पहाड़ी संगीत पर डांस करने का शौक रहा है। वह अपने डांस और सोशल मीडिया रील्स के जरिए भी पहाड़ी गीतों को लोगों तक पहुंचाते हैं। पत्नी के साथ बनाई गई उनकी पहली रील भी काफी वायरल हुई थी। ‘बिजुली… हे जी’ जैसे पहाड़ी गीतों पर उनके डांस को सोशल मीडिया पर लाखों व्यूज मिल चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button