उत्तराखंड

काशीपुर: पांच साल पहले मर चुके व्यक्ति पर बिजली चोरी का केस, ग्रामीणों में आक्रोश

Listen to this News

ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में ऊर्जा निगम की कार्रवाई को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बरखेड़ी पांडे गांव में ऊर्जा निगम ने करीब पांच साल पहले मौत हो चुके एक व्यक्ति के खिलाफ बिजली चोरी और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के नेता जितेंद्र सिंह जीतू के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण आईटीआई कोतवाली पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की जांच कर प्राथमिकी वापस लेने की मांग की। उनका कहना है कि जिस व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, उसकी मृत्यु लगभग पांच वर्ष पहले हो चुकी है। ऐसे में उसके खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज होना कई सवाल खड़े करता है।

ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि मृत व्यक्ति के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी की प्रक्रिया में हुई कथित लापरवाही की भी जांच होनी चाहिए।

वहीं, पुलिस ने ग्रामीणों को मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button