कोटद्वार: भारी बारिश से मकान ढहा, मलबे में दबे तीन लोग; रेस्क्यू अभियान जारी

कोटद्वार: उत्तराखंड के कोटद्वार में मंगलवार को भारी बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दीं। द्वारीखाल ब्लॉक के मेहरगांव (भलगांव) में बारिश के कारण एक मकान ढह गया। हादसे में तीन लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना है। सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
पर्वतीय क्षेत्रों में बीती रात से लगातार बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र की नदियों और बरसाती गदेरों का जलस्तर भी बढ़ गया है। सिलगाड़ और लंगूरगाड़ नदियां खतरे की स्थिति में पहुंच गई हैं।
बारिश के कारण सरुड़ा गांव में पंचायत घर और खोह नदी के किनारे बने घरों पर भी खतरा मंडरा रहा है। वहीं, लंगूरगाड़ नदी के बढ़ते प्रवाह से सुभाष बाजार वार्ड का कंडवाल मोहल्ला भी प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन और पुलिस की ओर से संवेदनशील इलाकों में निगरानी की जा रही है।
कई जगह भूस्खलन से यातायात प्रभावित
भारी बारिश के चलते एनएच-534 पर कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। रपटे में भी पानी का जलस्तर बढ़ने से हालात संवेदनशील बने हुए हैं। प्रशासन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
उधर, चमोली जिले की उर्गम घाटी में कल्पेश्वर महादेव मंदिर के पास भी बारिश के कारण भारी भूस्खलन हुआ है। पहाड़ी से आया मलबा मंदिर परिसर और आसपास जमा हो गया है, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हुई है।
राज्य में लगातार बारिश के बीच कई सड़कें भी बंद हुई हैं। प्रशासन की ओर से लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।



