देहरादून: स्वारना नदी का जलस्तर बढ़ने से जंगल में फंसे छह छात्र, SDRF ने छह किमी पैदल चलकर किया रेस्क्यू

देहरादून: भारी बारिश के बीच स्वारना नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से ट्रैकिंग के लिए गए यूपीईएस के छह छात्र जंगल में फंस गए। रास्ते में नदी का जलस्तर बढ़ने से उनकी वापसी का रास्ता बंद हो गया। सूचना मिलने के बाद SDRF की टीम ने दुर्गम रास्ते पर करीब छह किलोमीटर पैदल ट्रैकिंग कर सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, यूपीईएस के छह छात्र मिसरास पट्टी के थान गांव स्थित स्वारना नदी क्षेत्र में ट्रैकिंग के लिए गए थे। वापस लौटते समय अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण स्वारना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे छात्रों के लिए आगे बढ़ना मुश्किल हो गया और वे जंगल में फंस गए।
छात्रों के जंगल में फंसे होने की सूचना मिलते ही डाकपत्थर से SDRF की रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हुई। क्षेत्र में लगातार बारिश और नदी का जलस्तर बढ़ा होने के कारण टीम के सामने भी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां थीं। इसके बावजूद SDRF जवानों ने करीब छह किलोमीटर तक पैदल ट्रैकिंग की और छात्रों तक पहुंच बनाई।
रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी छह छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद छात्रों को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। सभी छात्रों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
SDRF सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बारिश के मौसम में पर्यटकों और छात्रों से नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौसम का पूर्वानुमान देखने के बाद ही ट्रैकिंग या अन्य गतिविधियों के लिए निकलें। बारिश के दौरान अचानक नदी और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।



