उत्तराखंड: 810 नए बूथों पर मजबूत टीम तैयार कर रही भाजपा, 15 सितंबर तक चलेगा बूथ सशक्तीकरण अभियान

देहरादून। आगामी चुनावों को देखते हुए भाजपा ने उत्तराखंड में संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद प्रदेश में 810 नए मतदान केंद्र बढ़े हैं। इन नए बूथों पर पार्टी मजबूत टीम तैयार करने के लिए बूथ सशक्तीकरण अभियान चला रही है, जो 15 सितंबर तक जारी रहेगा।
SIR से पहले प्रदेश में 11,733 मतदान केंद्र थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 12,543 हो गई है। जिन मतदान केंद्रों पर 1,200 से अधिक मतदाता थे, उनका पुनर्निर्धारण किया गया है। भाजपा ने पहले ही 11,733 बूथों के लिए बूथ स्तर की टीमें गठित कर रखी थीं। अब नए बने 810 बूथों के लिए भी संगठनात्मक टीम तैयार की जा रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, 15 सितंबर तक चलने वाले अभियान में नए बूथों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पार्टी का लक्ष्य इन बूथों पर मजबूत संगठन खड़ा करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ के मंत्र के साथ जमीनी स्तर पर अपनी तैयारियां कर रही है।
एनजीओ को भी संगठन से जोड़ने की तैयारी
भाजपा प्रदेशभर में काम कर रहे एनजीओ को भी अपने साथ जोड़ने की तैयारी कर रही है। इसके लिए पार्टी के संबंधित प्रकोष्ठ के माध्यम से एनजीओ से संपर्क किया जा रहा है। अलग-अलग स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें संगठन से जोड़ने की योजना है।
भाजपा की यह तैयारियां आगामी चुनावों को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा हैं। नए मतदान केंद्रों पर टीमों के गठन के साथ पार्टी मतदाताओं के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दे रही है।



