केदारनाथ धाम में होगी निर्बाध बिजली आपूर्ति, सोनप्रयाग से 33 केवी लाइन को मिली मंजूरी

केदारनाथ धाम में बिजली आपूर्ति को और अधिक मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सोनप्रयाग से केदारनाथ तक 33 केवी की एक्सप्रेस फीडर लाइन बिछाने की मंजूरी मिल गई है। इससे धाम में मौसम खराब होने के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
मौजूदा समय में केदारनाथ धाम को लंबी 11 केवी लाइन के जरिए बिजली आपूर्ति की जाती है। खराब मौसम, बर्फबारी और अन्य परिस्थितियों में इस लाइन के ट्रिप होने की आशंका बनी रहती है। नई 33 केवी लाइन बनने के बाद धाम को अधिक भरोसेमंद और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
यूपीसीएल की ओर से केदारनाथ में 33/11 केवी बिजलीघर का निर्माण भी किया जा रहा है। यह आधुनिक तकनीक से लैस होगा और धाम क्षेत्र की बढ़ती विद्युत मांग को पूरा करने में मदद करेगा। बिजलीघर की क्षमता 2×5 एमवीए निर्धारित की गई है।
नई लाइन सोनप्रयाग से केदारनाथ तक बिजली आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण कड़ी होगी। परियोजना के पूरा होने से चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों और यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों को भी बेहतर बिजली सुविधा मिलने की उम्मीद है।
यूपीसीएल के इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य दुर्गम और ऊंचाई वाले केदारनाथ क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को अधिक स्थिर बनाना है, ताकि प्रतिकूल मौसम या आपात स्थिति में भी विद्युत व्यवस्था को जल्द बहाल किया जा सके।



