उत्तराखंड

उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू की दस्तक: 22 दिनों में 31 संक्रमित, अस्पतालों के लिए एडवाइजरी जारी

Listen to this News

देहरादून: उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू यानी इन्फ्लुएंजा H1N1 के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। अगस्त में अब तक प्रदेश में 31 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें ज्यादातर मरीज देहरादून के बताए जा रहे हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को अस्पतालों में जरूरी व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी और निजी अस्पतालों के साथ मेडिकल कॉलेजों में स्क्रीनिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। मरीजों में स्वाइन फ्लू के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर आवश्यक जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही, मामलों की निगरानी के लिए सभी जिलों में रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।

चार से अधिक मामले मिलने पर मौके पर जाएगी टीम

एकीकृत रोग निगरानी परियोजना (IDSP) के तहत स्वाइन फ्लू के मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी क्षेत्र में चार से अधिक मामले सामने आने पर रैपिड रिस्पॉन्स टीम वहां पहुंचकर स्क्रीनिंग करेगी। प्रत्येक टीम में एक फिजिशियन, एक विशेषज्ञ और दो अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल किए गए हैं।

अस्पतालों को दवाओं और उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश

स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी में चिकित्सा संस्थानों को इंफ्लुएंजा टेस्टिंग किट, पीपीई, मास्क, वीटीएम वायल, ओसेल्टामिविर दवा और वेंटिलेटर समेत जरूरी संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। अधिकारियों को इन व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए हैं। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

क्या हैं स्वाइन फ्लू के लक्षण?

विशेषज्ञों के अनुसार स्वाइन फ्लू के शुरुआती लक्षण सामान्य वायरल संक्रमण जैसे हो सकते हैं। इनमें अचानक बुखार, ठंड लगना, खांसी, नाक बहना, सांस लेने में परेशानी, मांसपेशियों में दर्द, उल्टी और अत्यधिक थकान शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर इसे हल्के में न लेने और चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश में स्थिति पर निगरानी बढ़ा दी है और अस्पतालों को संक्रमण से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button