पीएम मोदी के जन्मदिन पर उत्तराखंड में सेवा संकल्प माह, 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उत्तराखंड भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस दौरान प्रदेशभर में विभिन्न सेवा और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम किए जाएंगे। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए निर्णय के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के तहत केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में आशीर्वाद का दीया जलाया जाएगा। इसके साथ ही प्राथमिक से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के लिए कला प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनकी थीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियां रहेंगी। पीएम के विजन पर भाषण प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी।
प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर सम्मान समारोह आयोजित कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, सात अक्तूबर को प्रधानमंत्री मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सेवा ज्योत कार्यक्रम होंगे। इनमें बाइक रैली और मशाल यात्रा निकाली जाएगी। साथ ही 25 मिनट में 25 कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है, जिसमें स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, पेयजल व्यवस्था, मंदिरों का रंग-रोगन, धारों का सौंदर्यीकरण और स्ट्रीट लाइट सुधार जैसे कार्य शामिल होंगे।
हर घर तक पहुंचेंगी सरकारी योजनाएं
इस दौरान प्रदेशभर में सेवा सेतु अभियान भी चलाया जाएगा। सरकार की ओर से आयोजित इस अभियान को भाजपा का सहयोग मिलेगा। इसका उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों और गांवों तक पहुंचाना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि 17 सितंबर से एक माह तक सेवा संकल्प माह मनाया जाएगा। इस दौरान संगठन स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम होंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना के साथ उनकी सेवाओं को भी याद किया जाएगा।



