उत्तराखंड: शासन में छह अधिकारियों के विभागों में फेरबदल, विजय जोगदंडे को अपर सचिव गृह की जिम्मेदारी

देहरादून: उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए छह अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-एक की ओर से जारी आदेश के तहत तीन आईएएस, एक पीसीएस और सचिवालय सेवा के दो अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आईएएस अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे को अपर सचिव, गृह विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं डॉ. आनंद श्रीवास्तव को अपर सचिव, नागरिक उड्डयन के साथ महानिदेशक, कृषि एवं उद्यान का दायित्व सौंपा गया है। उन्हें अपर सचिव, राजस्व विभाग की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है।
आईएएस विनोद गिरी गोस्वामी से अपर सचिव, आवास विभाग का दायित्व हटा दिया गया है, जबकि उनके अन्य विभाग यथावत रहेंगे। पीसीएस अधिकारी सुंदर लाल सेमवाल को अपर सचिव, समाज कल्याण विभाग के पद से कार्यमुक्त किया गया है।
सचिवालय सेवा के अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी
सचिवालय सेवा के अधिकारी सुनील सिंह को अपर सचिव, गृह विभाग की जिम्मेदारी से हटाकर अपर सचिव, आवास विभाग का दायित्व दिया गया है। वहीं महिमा रैकली को अपर सचिव, राजस्व एवं सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन के आदेश के अनुसार सभी संबंधित अधिकारी अपनी वर्तमान जिम्मेदारियों से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती वाले पद पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करेंगे। यह फेरबदल प्रशासनिक कार्यों को सुचारु बनाने और विभागों में जिम्मेदारियों के बेहतर समन्वय के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



