रुद्रपुर: मिलाद जुलूस में कथित आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान देने वाला मौलाना हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में मिलाद के जुलूस के दौरान कथित आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान देने के मामले में पुलिस ने मौलाना मुफ्ती मुजीब को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और वायरल वीडियो में दिए गए बयान के पूरे संदर्भ की जांच की जा रही है।
बताया गया कि बुधवार को रुद्रपुर में मिलाद का जुलूस निकाला गया था। जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर एक सभा हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला सामने आया। वीडियो में कथित तौर पर आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान दिए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने वीडियो की जांच के बाद रामपुर के दरियाल निवासी मुफ्ती मुजीब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।
सीओ विभव सैनी ने बताया कि जुलूस की प्रबंधक कमेटी और उससे जुड़े अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। सभी से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भड़काऊ भाषण देने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मामले की जांच के साथ-साथ वीडियो की सत्यता और उसमें कही गई बातों के पूरे संदर्भ की भी पड़ताल कर रही है।



