नारी शक्ति वंदन समारोह: मदन कौशिक बोले- महिलाओं को बराबरी का अवसर मिलने पर ही 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य होगा पूरा

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में अमर उजाला और गैलेक्सी यार्ड की ओर से नारी शक्ति वंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सेवा, व्यापार, खेल, कला, विज्ञान, स्टार्टअप, राष्ट्र निर्माण और पर्यावरण समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
हरिद्वार-रुड़की रोड स्थित रॉयल वृंदावन होटल में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य रखा है और यह लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब महिलाओं को पुरुषों के बराबर अवसर और स्थान मिलेगा।
महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए करना पड़ता है संघर्ष
मदन कौशिक ने कहा कि समाज में आगे बढ़ने की इच्छा रखने वाली महिलाओं को कई चुनौतियों और संघर्षों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं देश के लगभग हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं और लगातार अपनी क्षमता साबित कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सरकार की ओर से कम ब्याज दर पर ऋण जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने समारोह में सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए उनके पीछे खड़े परिवार और सहयोगियों की भी सराहना की।
सम्मानित महिलाओं को बताया प्रेरणास्रोत
रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने सम्मानित महिलाओं को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके योगदान से आने वाली पीढ़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये महिलाएं भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।
राष्ट्रगान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई शुरुआत
नारी शक्ति वंदन समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान और वंदे मातरम् से हुई। इसके बाद दिव्या धीमान ने गणेश वंदना पर नृत्य प्रस्तुति दी। छात्र मानव ने कथक प्रस्तुत किया, जबकि वृंदा ने महिलाओं के सम्मान में कविता पाठ किया।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाली महिलाओं की उपलब्धियों को सामने लाया गया और उनके संघर्ष व योगदान को सम्मानित किया गया।
ट्रैफिक संभालने वाली हेड कांस्टेबल और लोडर चालक नंदनी भी सम्मानित
कार्यक्रम में शहर के चंद्राचार्य चौक पर यातायात व्यवस्था संभालने वाली हेड कांस्टेबल कल्पना गहलोत भी सम्मानित हुईं। उनके वर्दी में कार्यक्रम में पहुंचने और कैबिनेट मंत्री को सैल्यूट करने पर सभागार तालियों से गूंज उठा।
वहीं, 21 वर्षीय नंदनी, जो लोडर चलाकर अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं, को भी सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर उनकी मां भावुक हो गईं।



