उत्तराखंड: भड़काऊ भाषण देने वाले मुफ्ती पर सख्ती, सीएम धामी बोले- राष्ट्रद्रोह जैसी धाराओं में कार्रवाई पर विचार

देहरादून। ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में मिलाद जुलूस के दौरान कथित भड़काऊ भाषण देने के मामले में गिरफ्तार मुफ्ती मुजीब के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आरोपी के खिलाफ अन्य कानूनी धाराओं में कार्रवाई के साथ राष्ट्रद्रोह जैसी धाराओं के तहत कार्रवाई की संभावनाओं पर भी कानूनी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है।
पुराने इतिहास का हवाला देकर भड़काऊ भाषा का आरोप
मुख्यमंत्री धामी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि रुद्रपुर में मौलवी ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया और पुराने इतिहास से जुड़ी बातें कहीं, वह लोगों के बीच अराजकता फैलाने की बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सरकार सख्त रुख अपनाएगी।
अन्य धाराओं में भी कार्रवाई की तैयारी
सीएम धामी ने कहा कि मुफ्ती मुजीब के खिलाफ पहले से दर्ज कार्रवाई के अलावा अन्य कानूनी धाराओं में भी कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्रद्रोह जैसी धाराओं के तहत कार्रवाई को लेकर कानूनी विशेषज्ञों से चर्चा की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उत्तराखंड में अराजकता फैलाने की कोशिश करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामले में पुलिस की कार्रवाई और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर अब सभी की नजरें हैं।



