हैदराबाद: नर्स से दुष्कर्म के बाद हत्या, अस्पताल के क्वार्टर में मिला शव; आरोपी गिरफ्तार

हैदराबाद। तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के थुक्कुगुड़ा इलाके में 21 वर्षीय निजी अस्पताल की नर्स की कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। नर्स का शव अस्पताल के क्वार्टर में मिला। पुलिस ने मामले में बिहार निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, नर्स अस्पताल में काम करती थी और पिछले कुछ महीनों से अस्पताल की ओर से उपलब्ध कराए गए कमरे में रह रही थी। शनिवार को वह ड्यूटी पर नहीं पहुंची। इसके बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने उसके कमरे में जाकर देखा तो वह अंदर मृत पड़ी मिली। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद खिड़की से अंदर देखने पर कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी।
दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप
जांच के दौरान पुलिस को नर्स के साथ मारपीट के संकेत मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने दुष्कर्म की पुष्टि की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर कमरे में घुसकर नर्स के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
भागने की कोशिश में पकड़ा गया आरोपी
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए बिहार निवासी सैना उल्ला को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी एक रियल एस्टेट कंपनी में सुपरवाइजर के तौर पर काम करता था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



