देहरादून: मोहब्बेवाला में लगातार हो रहे हादसों पर पुलिस सख्त, एनएचएआई को भेजा नोटिस

देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर दून पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार सुबह ट्रक दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत और दो लोगों के घायल होने के बाद पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को दोबारा लिखित नोटिस भेजा है।
पुलिस ने एनएचएआई से हादसों की रोकथाम के लिए अब तक किए गए उपायों और आगे की कार्ययोजना के संबंध में जवाब मांगा है। तीन दिन के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित विभाग के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
रविवार सुबह कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पटेलनगर थाना पुलिस, फायर सर्विस और ट्रैफिक की टीमें मौके पर पहुंचीं। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना के कारण सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस और ट्रैफिक टीम ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया।
प्रभारी एसपी ट्रैफिक जया बालोनी ने बताया कि मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। पुलिस पहले भी राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को इस संबंध में अवगत करा चुकी है और हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया था। इसके बावजूद दुर्घटनाएं जारी रहने पर दोबारा नोटिस भेजा गया है।



