देश
एशियन गेम्स 2026: शूटिंग में भारत को एक और पदक, महिला टेबल टेनिस टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया

Listen to this News
जापान के आइची-नागोया में चल रहे 2026 एशियन गेम्स में भारत का दूसरे दिन भी पदक अभियान जारी है। भारतीय पुरुष 10 मीटर एयर राइफल टीम ने रजत पदक अपने नाम किया। हिमांशु ढिल्लों, पार्थ माने और रुद्रांक्ष पाटिल की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि चीन ने स्वर्ण और दक्षिण कोरिया ने कांस्य पदक जीता।
वहीं, भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। भारत की सुतिर्था मुखर्जी, सिंड्रेला दास और श्रीजा अकुला ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की।
पहले दिन भारत ने निशानेबाजी में दो रजत पदक जीते थे। दूसरे दिन भी शूटिंग में भारत की पदक तालिका में बढ़ोतरी हुई।
एशियन गेम्स के दूसरे दिन भारत के खिलाड़ी वुशू, शूटिंग, हॉकी, कबड्डी, तैराकी, एमएमए, टेबल टेनिस, बैडमिंटन और मुक्केबाजी समेत कई खेलों में चुनौती पेश कर रहे हैं।



