चंडीगढ़ में सड़कों की मरम्मत तेज, सर्दियों से पहले 400 किमी सड़कें दुरुस्त करने का लक्ष्य

चंडीगढ़। बारिश के कारण खराब हुई शहर की सड़कों की मरम्मत और री-कारपेटिंग का काम नगर निगम ने तेज कर दिया है। निगम का लक्ष्य सर्दियों की शुरुआत से पहले करीब 400 किलोमीटर सड़कों को दुरुस्त करना है।
सेक्टर-9 समेत शहर के कई हिस्सों में सड़क निर्माण का काम शुरू हो चुका है। कुछ स्थानों पर केवल नई परत बिछाने के बजाय पुरानी सड़क की परतों को हटाकर सड़क का स्तर भी सुधारा जा रहा है। सेक्टर-9 में लंबे समय से बिटुमिन की परतें चढ़ने के कारण सड़क आसपास के घरों की सतह से ऊंची हो गई थी, जिससे बारिश का पानी निकलने में परेशानी होती थी। अब सड़क का स्तर नीचे कर नई सड़क तैयार की जा रही है।
नगर निगम ने सड़क मरम्मत के लिए अलग-अलग हिस्सों के टेंडर जारी कर ठेकेदारों को काम सौंपा है। इंजीनियरिंग विभाग की टीमें निर्माण कार्य की निगरानी कर रही हैं और गुणवत्ता के साथ काम की रफ्तार पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
शहर की कई सड़कें पिछले करीब डेढ़ साल से खराब स्थिति में थीं और जगह-जगह गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बारिश का दौर थमने के बाद मरम्मत कार्य दोबारा तेज होने से आने वाले महीनों में सड़कों की स्थिति में सुधार की उम्मीद है।



