रुड़की में एक सप्ताह में खराब हुई नई कार, मरम्मत न होने पर शोरूम के बाहर किसानों का धरना

रुड़की। पुरकाजी थाना क्षेत्र के बढ़ीवाला गांव निवासी सरदार रणजीत सिंह की नई कार खरीदने के करीब एक सप्ताह बाद ही तकनीकी खराबी आ गई। शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने वाहन मालिक के साथ मंगलौर-रुड़की मार्ग स्थित कार शोरूम के बाहर धरना शुरू कर दिया।
रणजीत सिंह के अनुसार, उन्होंने 25 मई 2026 को शोरूम से नई कार खरीदी थी। करीब एक सप्ताह बाद कार में तकनीकी समस्या आने पर उन्होंने शोरूम प्रबंधन से शिकायत कर वाहन ठीक कराने की मांग की। आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारी और कर्मचारी मामले को टालते रहे।
इसके बाद रणजीत सिंह ने भाकियू (टिकैत) के पदाधिकारियों से संपर्क किया। रविवार को संगठन के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शोरूम पहुंचे और मुख्य द्वार के बाहर धरने पर बैठ गए। किसानों ने मांग की कि कार की तकनीकी खराबी को पूरी तरह दूर कर वाहन सही स्थिति में सौंपा जाए।
भाकियू कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक कार की समस्या का समाधान नहीं होता, धरना जारी रहेगा। शोरूम प्रबंधन और पुलिस प्रशासन की ओर से स्थिति को संभालने के प्रयास किए गए, लेकिन देर शाम तक धरना समाप्त नहीं हुआ था।



