
देहरादून। उत्तराखंड में चुनाव आयोग की ओर से चलाया जा रहा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। पुनरीक्षण से जुड़ी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदाता सूची का डेटा फ्रीज कर दिया गया है। अब तीन अक्तूबर को प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
SIR के दौरान प्रदेशभर में 1.73 लाख फॉर्म-7 प्राप्त हुए। इनमें करीब 20 हजार आपत्तियां जांच में फर्जी पाई गईं, जिन्हें निर्वाचन अधिकारियों ने खारिज कर दिया। वहीं, करीब 95 हजार ऐसे मतदाता हैं, जो नोटिस के बावजूद सुनवाई में शामिल नहीं हुए और दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके। ऐसे नामों को फॉर्म-7 के तहत मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया में शामिल किया गया है।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, जिन मतदाताओं का नाम अंतिम सूची में नहीं रहेगा, उन्हें दोबारा मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 भरने का अवसर मिलेगा। अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की है कि तीन अक्तूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद सभी अपना नाम जरूर जांच लें।



