
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर भारतीय क्षेत्र में पहुंची पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoK) की एक महिला को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के अनुसार, महिला को शुक्रवार देर शाम पुखेरनी गांव के पास रोका गया।
महिला की पहचान सामिया अजीम के रूप में हुई है। वह PoK के कोटली जिले की खुइरेट्टा तहसील की निवासी बताई गई है। सेना के जवानों ने उसे हिरासत में लेकर प्रारंभिक पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके पास से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
प्रारंभिक पूछताछ के बाद सेना ने महिला को आगे की जांच के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ के दौरान महिला ने दावा किया कि वह अनजाने में LoC पार कर भारतीय क्षेत्र में पहुंच गई थी।
सुरक्षा एजेंसियां महिला के भारतीय सीमा में प्रवेश करने की परिस्थितियों की जांच कर रही हैं। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने गलती से सीमा पार की या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। फिलहाल, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि में जुटी हैं।



