
आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के श्री सिटी स्थित एक निजी फार्मा कंपनी में शनिवार सुबह बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हो गया। धमाके के बाद फैक्ट्री में आग लग गई और इमारत का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कम से कम चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा टिल हेल्थकेयर कंपनी में हुआ। घटना के समय फैक्ट्री में नाइट शिफ्ट के कर्मचारी काम कर रहे थे। धमाके की चपेट में आने से कुछ मजदूर मलबे में दब गए, जिन्हें निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के साथ ही प्रभावित कर्मचारियों को बाहर निकालने का काम किया गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे में मजदूरों की मौत पर दुख जताया और अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता देने के निर्देश दिए।



