देश
मध्य प्रदेश: धार में ट्रक की टक्कर से तीन लोगों की मौत, हादसे में बच्चा घायल

Listen to this News
मध्य प्रदेश के धार जिले के बदनावर क्षेत्र में शनिवार सुबह महू-नीमच फोरलेन पर पिटगारा चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और उनकी 14 वर्षीय बेटी की मौके पर मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल बच्ची को बदनावर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रतलाम रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पिटगारा चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने दुर्घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर बनाने और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। जाम के कारण फोरलेन पर यातायात प्रभावित हुआ और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।



