
केरल के तिरुवनंतपुरम में डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर नौ साल की बच्ची के पेट और छोटी आंत से करीब एक किलो वजन का बालों का गुच्छा निकाला। बच्ची को लगातार पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद नेय्याट्टिनकारा स्थित निम्स मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जांच के दौरान अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एंडोस्कोपी से उसकी आंतों में गंभीर रुकावट और बालों का बड़ा गुच्छा जमा होने का पता चला। इसके बाद डॉ. बीजू आईजी नायर के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने ऑपरेशन कर बालों को बाहर निकाला।
डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची रैपुन्जेल सिंड्रोम से पीड़ित थी। यह एक दुर्लभ स्थिति है, जिसमें निगले गए बाल पेट में जमा होकर सख्त गुच्छा बना लेते हैं और छोटी आंत तक पहुंचकर रुकावट पैदा कर सकते हैं। सफल ऑपरेशन के बाद बच्ची की हालत में सुधार हुआ, उसने सामान्य रूप से खाना शुरू कर दिया और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल के अधिकारियों के मुताबिक, दुनिया भर में इस बीमारी के 100 से भी कम मामले दर्ज किए गए हैं।



