केदारनाथ धाम में कपाट खुलने से पहले बर्फबारी, उत्तराखंड में आज तूफान और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

केदारनाथ धाम में कपाट खुलने से पहले मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शनिवार को धाम और आसपास की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा, जिससे पूरा क्षेत्र सफेद चादर में ढक गया। 22 अप्रैल को कपाट खुलने से पहले बर्फबारी का यह नजारा श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
इधर, मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई पर्वतीय जिलों में तेज तूफान, बिजली चमकने और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है, जिससे मैदानी इलाकों में भी तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत के आसार हैं।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों को प्रतिकूल मौसम के दौरान नियंत्रित या प्रतिबंधित करने, संवेदनशील इलाकों में आवागमन सीमित रखने और आपदा प्रबंधन टीमों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।



