
देहरादून: प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल में एक महिला का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, 11 मार्च 2026 को थाना प्रेमनगर को सूचना मिली कि बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल में एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया और थाना प्रेमनगर से पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि जंगल के अंदर एक महिला का शव सड़ी-गली अवस्था में पड़ा हुआ था, जो प्रथम दृष्टया लगभग 4 से 5 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त करने की कोशिश की, लेकिन अब तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है।






