चारधाम यात्रा 2026: एक सप्ताह में 5.18 लाख से अधिक पंजीकरण, केदारनाथ के लिए सबसे ज्यादा श्रद्धालु

आगामी चारधाम यात्रा 2026 को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा शुरू होने से पहले ही तीर्थयात्रियों का पंजीकरण तेजी से बढ़ रहा है। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार सिर्फ एक सप्ताह में 5.18 लाख से अधिक श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं।
इस बार भी चारों धामों में से केदारनाथ धाम के लिए सबसे अधिक पंजीकरण हुए हैं। आंकड़ों के मुताबिक 1,73,157 श्रद्धालुओं ने केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। इसके अलावा बदरीनाथ धाम के लिए 1,52,478, गंगोत्री के लिए 97,622 और यमुनोत्री के लिए 95,606 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है।
उत्तराखंड में होने वाली यह पवित्र यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए सरकार ने 6 मार्च से ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की थी, जिसके बाद पहले ही सप्ताह में पंजीकरण का आंकड़ा पांच लाख के पार पहुंच गया।
पर्यटन विभाग का मानना है कि इस साल भी चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच सकते हैं। पिछले वर्ष भी लाखों श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए थे और इस बार भी उसी तरह का उत्साह दिखाई दे रहा है।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार और विभिन्न विभागों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही 17 अप्रैल से हरिद्वार, ऋषिकेश, नया गांव और हरबर्टपुर समेत करीब 50 केंद्रों पर ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी।
चारधाम यात्रा—केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री—उत्तराखंड की सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक यात्राओं में से एक है, जिसमें हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।



