जनगणना 2027: इंटरनेट के दौर में भी रेडियो शौकीनों को ढूंढेगी टीम

जनगणना 2027 को लेकर उत्तराखंड में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार डिजिटल दौर में भी जनगणना टीम रेडियो सुनने वाले लोगों की पहचान करेगी। सर्वे के दौरान ऐसे लोगों की जानकारी भी जुटाई जाएगी जो आज के समय में भी रेडियो का उपयोग करते हैं।
पहले चरण में घर-घर जाकर मकानों और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी एकत्र की जाएगी। इस दौरान टीम लोगों से करीब 30 से अधिक सवाल पूछेगी, जिनमें खाना पकाने के तरीके, पानी का स्रोत, बिजली, इंटरनेट, टीवी और अन्य घरेलू सुविधाओं से जुड़े सवाल शामिल होंगे।
जनगणना 2027 को इस बार पूरी तरह डिजिटल बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके तहत नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा भी दी गई है, जिससे प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाया जा सके।
प्रशासन का कहना है कि जनगणना सिर्फ आबादी की गिनती नहीं है, बल्कि यह देश और राज्य की विकास योजनाओं की नींव तैयार करती है। ऐसे में हर नागरिक की सटीक जानकारी जुटाना बेहद जरूरी है।



