ईंधन संकट के बीच पाकिस्तान में बाजार रात 8 बजे तक बंद, शहबाज सरकार का ऊर्जा बचत पर बड़ा फैसला

इस्लामाबाद: बढ़ते ईंधन संकट और ऊर्जा बचत के दबाव के बीच पाकिस्तान सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए देशभर के बाजारों और शॉपिंग मॉल को रात 8 बजे तक बंद करने का आदेश जारी किया है। यह फैसला प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया।
सरकार के निर्देश के मुताबिक पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान, इस्लामाबाद, गिलगित-बाल्टिस्तान और आजाद कश्मीर में यह नियम तत्काल प्रभाव से लागू होगा। हालांकि, सिंध में बाजारों के समय को लेकर अभी परामर्श जारी है, जबकि खैबर पख्तूनख्वा के कुछ डिविजनल मुख्यालयों में बाजार रात 9 बजे तक खुले रह सकेंगे।
सिर्फ बाजार ही नहीं, सरकार ने रेस्तरां, बेकरी, तंदूर और अन्य फूड आउटलेट्स को रात 10 बजे तक बंद करने, साथ ही मैरिज हॉल और निजी घरों में शादी समारोह भी रात 10 बजे के बाद प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया है। मेडिकल स्टोर और फार्मेसी को इस नियम से छूट दी गई है।
सरकार का कहना है कि मध्य-पूर्व युद्ध और वैश्विक तेल कीमतों में उछाल के कारण यह ऊर्जा संरक्षण कदम उठाना जरूरी हो गया है। माना जा रहा है कि इस फैसले का असर पाकिस्तान की रात की अर्थव्यवस्था, छोटे कारोबारियों और खुदरा व्यापार पर साफ दिखाई देगा।


