बदरीनाथ धाम के पास कंचन गंगा क्षेत्र में टूटा हिमखंड, तेजी से पिघल रहे ग्लेशियरों ने बढ़ाई चिंता

उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम के पास कंचन गंगा क्षेत्र में अचानक हिमखंड टूटने की घटना सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पहाड़ से भारी मात्रा में बर्फ और चट्टानें नीचे गिरती दिखाई दे रही हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ते तापमान और मौसम में बदलाव के कारण हिमालयी ग्लेशियर तेजी से पिघल रहे हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार अब जनवरी-फरवरी की बजाय मार्च-अप्रैल में ज्यादा बर्फबारी हो रही है, जिससे ग्लेशियर कमजोर पड़ रहे हैं और ऐसे हादसों का खतरा बढ़ता जा रहा है।
प्रशासन ने पूरे क्षेत्र पर नजर बनाए रखी है और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बदरीनाथ धाम में चारधाम यात्रा जारी है, ऐसे में प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी कर रहे हैं।



