उत्तराखंड में आज जारी होंगी बिजली की नई दरें, 1 अप्रैल से लागू होगा नया टैरिफ

देहरादून: उत्तराखंड में नए वित्तीय वर्ष के लिए बिजली की नई दरों का ऐलान आज मंगलवार को किया जाएगा। उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग द्वारा जारी किया जाने वाला यह नया टैरिफ 1 अप्रैल 2026 से पूरे प्रदेश में लागू हो जाएगा।
प्रदेश के तीनों ऊर्जा निगम यूपीसीएल, यूजेवीएनएल और पिटकुल ने इस बार बिजली दरों में कुल 18.50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव आयोग के समक्ष रखा था। इस प्रस्ताव पर फरवरी में कर्णप्रयाग, मुनस्यारी, रुद्रपुर और देहरादून में जनसुनवाई भी की गई थी।
आयोग ने सभी उपभोक्ता वर्गों, ऊर्जा निगमों के प्रस्ताव और जनसुनवाई में आई आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए अंतिम फैसला तैयार किया है। आयोग के सचिव नीरज सती के अनुसार, नई दरों की घोषणा आज की जाएगी और यह सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं पर लागू होगी।
चुनावी वर्ष होने के कारण इस बार बिजली दरों पर आयोग का फैसला काफी अहम माना जा रहा है। यदि प्रस्तावित बढ़ोतरी को मंजूरी मिलती है, तो घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है।



